स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज आयोजित
विधायक, कलेक्टर एवं एसपी ने संदीपनी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ किया भोजन

नीमच, 16 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया। विशेष भोज में विद्यार्थियों को पूरी, सब्जी, खीर एवं लड्डू परोसे गए।
नीमच कैंट स्थित संदीपनी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विशेष भोज में नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
अतिथियों ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बैठकर विशेष भोज का भोजन ग्रहण किया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में नोडल जिला अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष भोज आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन ग्रहण किया। विशेष भोज के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करना तथा उनमें राष्ट्रीय पर्व के प्रति उत्साह एवं सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।


