
नीमच, 12 नवंबर 2026
भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज के महान नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान, संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरण किया जाएगा। इसी विषय को लेकर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय तपोभूमि, नीमच पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रतन मालावत, जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सर्वप्रथम उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारीगणों एवं सदस्यों ने पत्रकारों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की। यह निर्णय जनजातीय समाज के महान नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का उद्घोष ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ अर्थात हमारा देश, हमारा शासन जनजातीय स्वाभिमान और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा का भी संघर्ष था। उनके विचार आज भी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की प्रेरणा देते हैं। स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती जनजातीय महापुरुषों और वीर नायकों के शौर्य एवं बलिदान की साक्षी रही है। टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे महान जननायकों ने देश, समाज और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन महान विभूतियों के योगदान को स्मरण करना और नई पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के महान नायकों को केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके नाम पर विकास एवं जनकल्याण के कार्य भी किए हैं। रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर और दमोह जिले के संग्रामपुर में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के सम्मान में कैबिनेट बैठक हुई। रानी दुर्गावती के नाम पर श्री अन्न योजना प्रारंभ की गई, टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाया गया तथा राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। रानी कमलापति के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण भी जनजातीय नायकों के सम्मान और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत प्रदेशभर में 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस एवं रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार एवं 16 नवंबर को खंडवा में प्रदेश सरकार द्वारा बड़े आयोजन किए जाएंगे। 12 एवं 13 नवंबर को जिलों में बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के विद्यालयों एवं छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी तथा विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी जाएगी।जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय विद्यालयों में जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। 16 एवं 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय विकासखंडों के चयनित ग्रामों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ समाज की उपलब्धियों, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों एवं जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनजातीय गौरव सप्ताह को केवल एक आयोजन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, लोककला, परंपराओं और अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय समाज को राजनीतिक नेतृत्व, शासन-प्रशासन और विकास की मुख्यधारा में भागीदारी के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के सभी महान नायकों के संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रिंट इलेक्ट्रानिक एवं वेब मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे ।
उपरोक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।



