
नीमच, 09 नवंबर 2026
नीमच शहर में दीपावली की खुशियां रविवार देर रात उस समय मातम में बदल गईं, जब युवाओं के दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन स्थित भरभड़िया चौराहे के पास एक कैफे पर हुई इस हिंसक झड़प में नीमच सिटी निवासी भाजपा नेता मनीष चौरसिया के 26 वर्षीय पुत्र ईशान चौरसिया की दर्दनाक मौत हो गई।
कैफे पर लाठी-डंडों से हुआ हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात पटाखों और आपसी कहासुनी को लेकर शुरू हुआ विवाद भरभड़िया चौराहे के पास स्थित एक कैफे तक पहुंच गया। देखते ही देखते करीब 20 से अधिक युवक आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में गंभीर रूप से घायल ईशान चौरसिया को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में दोनों पक्षों के अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिनमें से नीमच सिटी निवासी रवि की हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया है।
अस्पताल में उमड़ी भीड़, विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
युवा नेता के पुत्र की मौत की खबर फैलते ही नीमच सिटी क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। देर रात से सुबह तक जिला अस्पताल और पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजनों तथा समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही। सूचना मिलते ही नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। विधायक परिहार ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों को दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।




