
नीमच, 09 नवंबर 2026
शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़भड़िया चौराहे पर स्थित ‘हाईवे 24×7’ (MP-24) कैफे पर देर रात हुए हिंसक विवाद में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान चौरसिया की मौत हो गई है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के तौर पर अभिजीत सिंह तोमर का नाम सामने आया है। घटना के बाद से ही अभिजीत फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
ताबड़तोड़ मुक्कों से आई थी अंदरूनी चोट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत चंगेरा मंडी से हुई थी। देखते ही देखते मामला भड़भड़िया चौराहा स्थित हाईवे 24×7 कैफे तक पहुंच गया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यहां 20 से अधिक युवकों के दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, मारपीट के दौरान मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह तोमर ने ईशान चौरसिया के कान के नीचे और सिर पर ताबड़तोड़ मुक्के मारे थे।
मारपीट के बाद ईशान खुद चलकर कैंट थाने पहुंचा था और पुलिस को बयान भी दिए थे। हालांकि, जब उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, तो वहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, पूर्व नपाध्यक्ष का बेटा भी घायल
इस खूनी संघर्ष के दौरान हमलावरों ने एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसे कुचलने का प्रयास भी किया। हमले में रवि नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नाजुक हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन के बेटे मेघ जैन और 25 वर्षीय रुद्राक्ष का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
‘AST’ लिखी थार गाड़ी वाली तस्वीर वायरल
मामले में मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह तोमर की ‘AST’ नंबर प्लेट लिखी काली थार गाड़ी के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने अभिजीत के अलावा 20 वर्षीय निहाल शर्मा की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष से रवि और एक स्थानीय नाकेदार के बेटे का नाम भी सामने आया है।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश व्यास खुद कैंट थाने पहुंचे और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीएसपी अनुराधा अग्रवाल ने बताया कि ईशान की मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अस्पताल में जुटी भाजपा नेताओं की भीड़
ईशान की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र ‘बबलू’ भटनागर ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस से फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस घटना के बाद से हाईवे किनारे देर रात तक खुलने वाले कैफे और ढाबों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।



