देशशहर

मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ थीम पर बालिकाओं को किया गया विधिक अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक

बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण और साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

नीमच, 1 नवंबर 2026

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत रविवार को शासकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नीमच में ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ थीम पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

यह शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विशाल अखंड के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, विद्यालय के प्राचार्य श्री बालकिशन बनोधा, शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और भयमुक्त वातावरण में विकास करने का अधिकार है। उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, लैंगिक अपराधों तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, हिंसा अथवा शोषण की स्थिति में बिना भय और संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित प्राधिकरण को इसकी जानकारी दें।

उन्होंने बताया कि बच्चों के अधिकारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी जरूरतमंद को विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इस दौरान छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।

1 से 6 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बच्चों को उनके विधिक अधिकारों, व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ प्रारंभ किया गया है। अभियान के प्रथम चरण में 1 से 6 नवंबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा साइबर अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएं, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच का स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}