
नीमच, 12 नवंबर 2026
शहर के बहुचर्चित ईशान चौरसिया हत्याकांड में कैंट थाना पुलिस ने जांच तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस खूनी संघर्ष में इस्तेमाल की गई एक सफेद रंग की i20 कार और बिना नंबर की थार गाड़ी को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही, मामले के एक अन्य प्रमुख आरोपी निहाल शर्मा को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला और नया अपडेट?
वाहनों की जब्ती:
भरभड़िया हाईवे स्थित ‘कैफे 24×7’ पर हुए इस गैंगवार की जांच में दोनों पक्षों के वाहनों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने मौके और साक्ष्यों के आधार पर क्षतिग्रस्त i20 कार और सफेद थार को अपने कब्जे में लिया है। जांच में सामने आया है कि इसी थार गाड़ी से निहाल शर्मा को कुचलने का प्रयास किया गया था।
अस्पताल से सीधे गिरफ्तारी:
घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आरोपी निहाल शर्मा का उदयपुर के बाद नीमच के श्रीराम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही कैंट थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और स्ट्रेचर के सहारे थाने लाकर गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की।
अब तक की कार्रवाई और फरार आरोपी:
पुलिस इस मामले में दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) के आधार पर कार्रवाई कर रही है। अब तक इस केस में रुद्रांश शर्मा, आरिफ, कान्हा उर्फ भावेश, राहुल यादव और निहाल शर्मा समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, नामजद आरोपी मेघ जैन (पूर्व नपा अध्यक्ष राकेश जैन पप्पू का पुत्र) अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर चंगेरा मंडी से शुरू हुआ विवाद भड़भड़िया हाईवे स्थित कैफे तक पहुंचा था, जहां हुई हिंसक झड़प में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के 26 वर्षीय पुत्र ईशान चौरसिया की मौत हो गई थी।
पुलिस द्वारा जब्त की गई बिना नंबर प्लेट की सफेद थार ओर श्याम सरकार लिखी हुई हुंडई की I20 कार के असली पंजीकृत मालिक का नाम पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया है।
हालांकि, मामले की शुरुआती रिपोर्टों और पुलिस जांच से जुड़े कुछ अहम तथ्य सामने आए हैं:
बिना नंबर प्लेट की गाड़ियां: जब्त की गई थार और i20 कार दोनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
चेसिस नंबर से जांच: नंबर प्लेट न होने के कारण पुलिस अब दोनों वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर आरटीओ (RTO) रिकॉर्ड से इनके असली मालिकों का पता लगा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना की रात इन गाड़ियों को कौन चला रहा था और इनमें कौन-कौन सवार था।
क्या वाकई एक पटाखे की चिंगारी ने ले ली जान, या सुलग रही थी वर्चस्व की पुरानी आग?
ईशान चौरसिया हत्याकांड के बाद शहर के हर चौक-चौराहे पर यही सवाल गूंज रहा है कि क्या महज पटाखा (रॉकेट) चलाने जैसी मामूली बात पर 50 से ज्यादा युवक एक-दूसरे के खून के प्यासे हो सकते हैं? शुरुआती पुलिस जांच और एफआईआर में विवाद की जड़ चंगेरा मंडी में हुई कहासुनी को बताया जा रहा है, लेकिन घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने पर इसके पीछे कई गहरे कारण निकल कर आ सकते हे।



