शहर

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक संपन्न

कलेक्टर ने जल स्रोतों की निगरानी और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

नीमच, 17 अगस्त 2026

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में पेयजल उपलब्धता, जल स्रोतों, जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति तथा जलापूर्ति व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने जिले में संचालित सभी उद्योगों एवं औद्योगिक इकाइयों में जल स्रोतों की उपलब्धता तथा पानी के उपयोग की स्थिति की जांच के निर्देश महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उद्योग में उपयोग किए जा रहे पानी का स्रोत क्या है, पानी कहां से लाया जा रहा है तथा किस स्रोत का उपयोग किया जा रहा है, इसकी जानकारी सहित सूची तैयार की जाए। उन्होंने सभी उद्योगों का निरीक्षण कर 15 दिवस में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एफएलए ग्राम योजनाओं वाले ग्राम पंचायतों में संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों से समन्वय कर जलकर की राशि वसूल की जाए तथा ग्राम पंचायतों में लंबित जलकर संबंधी कार्यों में सुधार किया जाए। मध्यप्रदेश राजपत्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायतों में पुनः जलकर निर्धारण की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जिले के सभी जल स्रोतों में क्लोरीनेशन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

जल निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गंगाबावड़ी समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत जलकर वसूली की ग्राम पंचायतवार मॉनिटरिंग करने तथा जल निगम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों की कार्यशाला आयोजित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को जिला स्तरीय कार्यक्रम कर सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को जलापूर्ति व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और आवश्यक कार्यों में सक्रिय समन्वय के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश जल निगम को दिए। उन्होंने आगामी एक माह में स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में अधिक से अधिक नल कनेक्शन पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के लिए संस्थागत स्तर पर सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है.

बैठक में जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से एवं यथाशीघ्र संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करें।

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, जल स्रोतों की निगरानी, जलकर वसूली, संस्थागत नल कनेक्शन तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री दीपेश वास्पत, महाप्रबंधक जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई नीमच श्री धीरेन्द्र कुमार बिजोरिया सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}