देशशहर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत हरवार में शिविर संपन्न

जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 15 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम हरवार में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्या का स्थायी समाधान हो, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निराकरण करते समय समस्या के मूल कारण को समझकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायक श्री परिहार ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरवार-जलेश्वर मार्ग का कार्य जल्दी ही प्रारंभ कराकर पूर्ण कराया जाएगा। साथ ही हरवार डेम की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य भी शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योग एवं गोपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विधायक ने सभी पंचायत सचिवों एवं सरपंचों को पात्र हितग्राहियों की सूची पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा करने तथा ग्रामसभा में उसका वाचन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। अभियान के तहत आगामी छह माह तक प्रत्येक शुक्रवार समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि ग्राम स्तर की समस्याओं का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए हर पात्र हितग्राही तक लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी एवं आंगनवाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा न्यूट्री बास्केट का वितरण किया गया। रानी पिता सत्यनारायण, माता रेखा; यश पिता कालू, माता पूजा तथा तनवीर पिता मनीष, माता रीना को न्यूट्री बास्केट प्रदान की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी दी तथा नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयडिया सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}