
नीमच, 20 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के लिए सीएसआर के माध्यम से स्थापित नए मिनी जिम एवं थैरेपी सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में उपस्थित दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा केंद्र को और अधिक उपयोगी एवं सुविधायुक्त बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बेहतर पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें नए कौशल प्रदान करना आवश्यक है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी केंद्र में आवश्यकतानुसार और बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मिनी जिम एवं थैरेपी सेंटर के शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र तथा रेडक्रॉस सोसायटी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन कक्षों सहित केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण के लिए स्थापित सिलाई मशीनों का अवलोकन किया तथा बच्चियों द्वारा सीखे जा रहे सिलाई कार्य और उनके कौशल को देखा। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कौशल विकास की गतिविधियों को और प्रभावी एवं अन्य नए कौशलों का प्रशिक्षण देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए बरसात के कारण होने वाले सीपेज को रोकने के लिए छत की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के बाद भवन के बाहरी हिस्से में पेंटिंग कराने तथा कमरों में तीन दिन के भीतर पेंटिंग कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही फ्लोरिंग का कार्य भी जल्द शुरू कराने को कहा।
उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सामग्री के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि दिव्यांगजनों एवं बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को केवल पुनर्वास सुविधाएं ही नहीं, बल्कि शिक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार से जुड़े ऐसे अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, जिनसे वे अपनी क्षमताओं का विकास कर आत्मनिर्भर बन सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, रेडक्रॉस सोसायटी सचिव श्री स्वप्निल वाधवा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।



