बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ अभियान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
बालिकाओं की सुरक्षा,शिक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 12 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, बालिकाओं के संरक्षण,शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि सभी बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का प्रशिक्षण अगस्त माह में शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। इसके बाद सितंबर माह में तहसील स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। बाल विवाह की रोकथाम के लिए अधिक संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने, लिंगानुपात में सुधार तथा बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से शाला त्यागी बालिकाओं को जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया जाए तथा उन्हें आईटीआई एवं ग्रामीण रोजगार कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। ऐसी बालिकाओं को चिन्हित कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बच्चों एवं बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास एवं शारीरिक सहनशक्ति बढ़ेगी।
‘अपराजिता’ कार्यक्रम के अंतर्गत 4 से 18 वर्ष तक की बालिकाओं को प्रत्येक माह मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला योजना समन्वयक को महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने बालिकाओं के वोकेशनल प्रशिक्षण के लिए भी प्रभावी व्यवस्था करने तथा आगामी तीन माह में 100 बालिकाओं को रोजगार एवं 100 बालिकाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘पंख अभियान’ के अंतर्गत महिलाओं को प्रशिक्षण एवं सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियां प्रभावी रूप से संचालित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।
अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अगली बैठक से पूर्व सभी योजनाओं में ठोस एवं अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का सही एवं प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विभागीय समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
कलेक्टर ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के साथ ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ अभियान के तहत जिले में पौधारोपण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समन्वित एवं सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।



