देशशहर

पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री निर्मला भूरिया

जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन, मेघनगर बनी विजेता

नीमच 14 मार्च 2026,

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के अंतर्गत नवाचार के रूप में पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राजगढ़ नाका स्थित मैदान में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल भावना को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना तथा पारंपरिक खेल कबड्डी को पुनः लोकप्रिय बनाना है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। फाइनल मैच से पूर्व मंत्री सुश्री भूरिया ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि यह मैदान आज खेलकूद प्रतियोगिताओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है, जहां खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है और इसी क्रम में आज जिले में कबड्डी प्रतियोगिता का चयन किया गया है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त और सक्षम बनाते हैं। इन्हीं खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास और निर्णय लिए जा रहे हैं। मंत्री सुश्री भूरिया ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखकर अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमें उम्मीद है कि जिले की प्रतिभाएं आगे निकलकर आएंगी और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार और प्रशासन सदैव तत्पर हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं जनपद पंचायतों से खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। इस आयोजन से ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ। साथ ही यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता से पूर्व झाबुआ जिले की सभी छह जनपद पंचायतों में कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर प्रदान किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में लगभग 550 स्थानीय खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के आधार पर खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों का चयन कर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए छहों जनपदों से टीमों का गठन किया गया।

फाइनल प्रतियोगिता के परिणामों में मेघनगर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राणापुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही और झाबुआ विकासखंड की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षय सिंह मरकाम, अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}