
नीमच 10 फरवरी 2026,
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम एवं द्वितीय प्रसव के शतप्रतिशत हितग्राहियों को चिंहित कर उन्हें लाभांवित किया जाए। कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना के लाभ से वंचित ना रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर्स सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
समग्र ईकेवायसी का शतप्रतिशत कार्य पूर्ण करें
बैठक में कलेक्टर ने समग्र ईकेवायसी कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी सीएमओ, जनपद सीईओ को निर्देश दिए,कि वे इस माह अंत तक शेष रही शतप्रतिशत समग्र ईकेवायसी का कार्य पूर्ण करवाकर जिले को सेचुरेटेड करें। कलेक्टर ने जावद जनपद को एक माह में 5 हजार एवं सीईओ नीमच एवं मनासा को ढ़ाई-ढ़ाई हजार शेष ईकेवायसी का कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
सभी नगरीय निकाय ए.एच.पी.आवास प्रोजेक्ट प्रस्तुत करें
कलेक्टर ने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए, कि वे सभी नगरीय निकायों में ए.एच.पी. आवास निर्माण के प्रोजेक्ट तैयार करवाकर, प्राप्त करें और ए.एच.पी.प्रोजेक्ट पर मार्च अंत तक कार्यवाही पूर्ण करवाए। जिससे, कि शहरी गरीबों को सस्ते आवास की सुविधा उपलब्ध हो सके।
सभी सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें
बैठक में सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण एवं विभागवार पगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे सीएम हेल्पलाईन में दर्ज सभी शिकायतों का संतुष्टी के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होने 100 दिवस से अधिक अवधि की लंबित शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करवाने के निर्देश भी सभी अधिकारियों को दिए है।

