शहरदेश

संयुक्त संचालक ने किया नगर पालिका क्षेत्र नीमच का निरीक्षण विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

नीमच, 7 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल के संयुक्त संचालक श्री भविष्य खोब्रागड़े शुक्रवार को नीमच पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका परिषद नीमच का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व वसूली, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

संयुक्त संचालक श्री खोब्रागड़े ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के साथ नगर पालिका कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा राजस्व वसूली सहित विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय स्थित सीएमओ कक्ष में जिले की विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं इंजीनियरों की बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद संयुक्त संचालक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती बामनिया के साथ शहर के ग्वालटोली तालाब पहुंचकर अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भोलियावास स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड, बस स्टैंड के समीप स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा बांग्ला नंबर-60 स्थित वाहन शाखा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लेखा अधिकारी श्री जमनालाल पाटीदार, कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैयालाल शर्मा, राजस्व अधिकारी श्री टेकचंद बुनकर, डूडा कार्यालय से श्री जानकीलाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर श्री प्रवीण आर्य, उपयंत्री श्रीमती अनु सोलंकी, बगीचा शाखा प्रभारी श्री महावीर जैन सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}