देशशहर

समय-सीमा समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी : कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 29 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणाममूलक कार्यप्रणाली अपनाते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करे।

 बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करने वाला होना चाहिए। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए विभागीय रैंकिंग में पसुधार लाने के निर्देश दिए। अत्यधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों के प्रति जवाबदेही तय करने के लिए कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।

 बैठक में हाल ही में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुई दुर्घटना का भी संज्ञान लिया गया। कलेक्टर ने श्रम विभाग को विस्तृत जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा घायल श्रमिक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उसकी स्थिति की जानकारी लेने एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी अभियान संचालित करने, सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से कहा कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य निराकृत राजस्व प्रकरणों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी निरीक्षण से शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक निर्णयों का वास्तविक क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आमजन का विश्वास भी सुदृढ़ होगा।

कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करें, अधीनस्थ अमले की सतत मॉनिटरिंग रखें तथा प्रत्येक प्रकरण में तथ्यपरक एवं जवाबदेह कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

 बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}