
नीमच 02 अप्रेल 2026,
स्कूल चले हम अभियान ‘अंतर्गत शा.उ.मा.वि.सी.आर.पी.एफ.नीमच में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026-27 एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद श्री वीरेन्द्र पाटीदार ने इस अवसर पर कहा कि आज‘‘ शिक्षा की नई उम्मीदें’’ का तात्पर्य है कि आज की शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रही बल्कि बच्चों एवं युवाओं को बेहतर भविष्य, रोजगार, तकनीक और संस्कार देने की ओर बढ़ रही है। विद्यालय का वातावरण हमें प्रेम और सम्मान की भावना सिखाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व स्टॉफ सदस्य श्री पारसमल जौहरी ने अपने उद्बोधन में कहा, कि प्रवेशोत्सव विद्यालय में केवल नए बच्चों का स्वागत करने का माध्यम ही नही बल्कि यह शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर छात्र तक पहुंचाने एवं समुदाय को शिक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने की एक प्रभावी पहल है ।
प्राचार्य श्री ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने कहा, कि हमारा विद्यालय हमारा परिवार है क्योंकि स्कूल हमें पढ़ाई ही नहीं सिखाता बल्कि अच्छे संस्कार, दोस्ती और जीवन जीने का तरीका सिखाता हैं। अतिथियों द्वारा सर्वाधिक उपस्थिति एवं सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया एवं समस्त विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन वर्षा गोयल एवं आभार प्रदर्शन श्री एम.एल.वर्मा द्वारा किया गया। यह जानकारी प्राचार्य श्री ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने दी है।



