
नीमच 22 जनवरी 2026,
प्रदेश में वाहन दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु की घटनाओं में कमी लाने के लिए जरूरी है, कि दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने के लिए व्यापक जनजागरूकता के विशेष प्रयास किए जाए। सभी शासकीय सेवक अनिवार्य रूप से वाहन चलाते समय, हेलमेट पहने और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित करें। वाहन चालक सीट बेल्ट लगाने को अपनी आदत बनाए, जिससे कि दुर्घटना की स्थिति में उनके जीवन की सुरक्षा हो सके।
यह बात मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने बुधवार को प्रदेश के सभी कमिश्नर, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों की वीडियों कांफ्रेंसिंग में सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि की रोकथाम के संबंध में चर्चा करते हुए कही। वी.सी.में सभी ए.सी.एस., प्रमुख सचिव, सभी संभागों के कमिश्नर एवं जिला के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मुख्य सचिव श्री जैन ने अ.जा., अ.ज.जा. अत्याचार अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों में एफआईआर के सात दिवस के भीतर पीडित को राहत राशि की प्रथम किश्त का अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों की नियमित बैठक कर राहत प्रकरणों के निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
नरवाई प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें
वीडियों कांफ्रेसिंग में मुख्य सचिव ने सभी जिलो को आगामी गेहूं कटाई के बाद नरवाई प्रबंधन के पुख्ता ईंतजाम करने के निर्देश देते हुए कहा, कि नरवाई जलाने की एक भी घटना ना हो। किसानों को नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक करें और नरवाई जलाने से फसलों की उत्पादकता पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में भी जागरूक करें।
मुख्य सचिव श्री जैन द्वारा बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य, कृषि एवं उद्यानिकी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक निर्देश भी दिए।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में हो रहा है निरंतर सुधार
इस वीडियों कांफ्रेंसिंग में बताया गया, कि जिले में प्रत्येक मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु की प्रतिमाह समीक्षा की जाती है। समय पर एवं सटीक रिर्पोटिंग सुनिश्चित की गई है। संस्था एवं समुदाय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण की एमडीएसआर बैठक में नियमित समीक्षा कर, आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागों के समन्वय से स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। परिणाम स्वरूप जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।
नीमच के एनआईसी कक्ष में वी.सी. में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एस.पी.श्री अंकित जायसवाल, एडीएम श्री बी.एस.कलेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।



