महाशिवरात्रि पर सजा श्री किलेश्वर महादेव का दिव्य दरबार, भोलेनाथ के दर्शन को उमड़ेगा जनसैलाब
युवा समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा की ओर से होगा 101 क्विंटल फलिहारी खिचडी का वितरण

नीमच, 25 फरवरी 2025,
महाशिवरात्रि पर नीमच के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पर आस्था का सैलाब उमडेगा। मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत साज सज्जा से मनोहारी दृश्य निर्मित हो गया है वहीं दूसरी ओर बगीचे में बहुरंगी फुव्वारें भक्तों के मन को मोह रहे है। महाशिवरात्रि पर बुधवार अलसुबह चार बजे से ही भगवान भोलेनाथ का जलभिषेक शुरू हो जाएगा। फूलों से राजसी श्रृंगार होगा, वहीं 56 भोग का आयोजन भी मंदिर समिति द्वारा रखा गया है। भक्तों की भीड को लेकर पुलिस प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग से लेकर अन्य ट्रॉफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी है।
इस वर्ष महाशिवरात्रि पर श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पर अलग ही आलौकिक नजारा दिखाई दे रहा है, क्योंकि मंदिर परिसर में स्थित बगीचे हर किसी का मन मोह रहे हैं। दुधिया रोशनी व रंग-बिरंगे फव्वारे सभी को आकर्षित कर रहे हैं। मंगलवार से तीन दिवसीय मेले की शुरूआत हुई, जिसमें खान-पान की स्टॉलें, झूले-चकरियां सहित कई मनोरंजन के संसाधन है। मेले का समापन 27 फरवरी को होगा। इसके साथ ही मंगलवार से ही तीन दिवसीय लघु रूद्र यज्ञ की शुरूआत भी हो गई है। सुबह-शाम यज्ञ का आयोजन होगा। महाशिवरात्रि के दिन तो चमत्कारिक श्री किलेश्वर महादेव के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमडेगा। नीमच ही नहीं बल्कि कोसों दूर से भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्त आते हैं।
101 क्विटल फलिहारी खिचडी प्रसादी का वितरण – युवा समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा महाशिवरात्रि पर 101 क्विंटल फलिहारी खिचडी प्रसादी का वितरण बुधवार दोपहर दो बजे से मंदिर परिसर में स्थित मुख्य द्वार पर शुरू हो जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। युवाओं की टीम भक्तों की सेवा के लिए जुटी रहेगी।
पुलिस ने किए कडे इंतजाम – कई मार्ग रहेंगे परिवर्तित –
- सीआरपीएफ द्रोण गेट से मंडी गेट नंबर 4 पुलिया तक चार पहिया वाहनों पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा।
- जाजू कॉलेज के सामने से होकर ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से आने वाले मार्ग पर चारपहिया वाहन पर प्रतिबंध।
- बघाना, रेलवे स्टेशन एवं लेवडा खडावदा से शहर की ओर आनेजाने वाले सामान्य वाहनों के लिए किलेश्वर मार्ग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चौपडा ौराहे, चौकन्ना बालाजी होते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ जा सकेंगे।
- किलेश्वर मार्ग का वे ही उपयोग कर सकेंगे, जो शिवरात्रि पर श्री किलेश्वर मंदिर दर्शन के लिए पहुंच रहे है।
- चार पहिया वाहनों और दोपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था लहसन मंडी के गेट नंबर 4 के मंडी प्रांगण में रखी गई है।
- नगरपालिका मेला ग्राउंड, केंद्रीय स्कूल, ब्रह्माकुमारी आश्रम, पुरानी नगरपालिका मैदान पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रखी गई है।