
नीमच, 16 जनवरी 2024, मंगलवार
कैलिफोर्निया अमेरिका स्थित प्रकाशन कंपनी नोशन प्रेस द्वारा नीमच के मेधावी छात्र मास्टर स्तव्य गर्ग पुत्र डॉ विपुल एवं डॉ श्वेता गर्ग की महज़ 11 वर्ष की आयु में अंग्रेज़ी भाषा की पुस्तक द ट्विस्टेड टेल्स (THE TWISTED TALES), गहन समीक्षा के पश्चात, सफलता पूर्वक प्रकाशित की गई। यह पुस्तक थ्रिलर लघु कथाओं पर आधारित है तथा लेखक या पुस्तक के नाम से अमेजॉन, डिजिटल कींडल एडिशन, फ्लिपकार्ट तथा नोशन प्रेस की वेबसाइट पर विश्व के सभी प्रमुख देशों में उपलब्ध है। नीमच में बुक्ज़ी तथा मनोरंजन बुक स्टोर्स पर नीमच की जनता के लिए विशेष रियायती दर पर भी उपलब्ध है।
स्तव्य गर्ग की इस पुस्तक को गोल्डन बुक ऑफ़ द ईयर अवार्ड 2024 के लिए उभरते युवा लेखक की श्रेणी में भी चयनित किया गया हैं तथा अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। दीपक चोपड़ा, रस्किन बॉन्ड, दीप्ति नवल, जे के रॉलिंग (हैरी पॉटर), अरनीश ग्रोवर तथा नमिता थापड़ जैसे ख्यातनाम लेखकों की पुस्तक को विगत वर्ष इसी अवार्ड से नवाज़ा गया था। इसी पुस्तक के लिए स्तव्य गर्ग को नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से भी नवाज़ा जाएगा। सबसे युवा थ्रिलर लेखक के रूप में उनका नाम इंडिया बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स एवं एशिया बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स के लिए भी नामांकित हुआ हैं।
तरह-तरह की किताबों को पढ़ने में रुचि रखने वाले स्तव्य गर्ग को किताब लिखने की प्रेरणा अपनी इसी रुचि तथा अपने डॉक्टर पिता से मिली। बच्चों के बीच उभरती गणित विषय की नई प्रणाली, अबेकस एवं वैदिक मैथ्स में भी स्तव्य गर्ग को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। स्तव्य डूडलिंग और स्केचिंग जैसी उभरती नई कला का भी शौक़ रखते हैं, उन्हें अपने माता पिता द्वारा बचपन से ही अच्छे संस्कार और पढ़ाई के साथ साथ अन्य सभी क्षेत्रों में पूर्ण रूप से पारंगत बनने के लिए प्रेरित किया गया है इसी कारण स्तव्य को इतनी कम उम्र में अन्य संगीत एवं विज्ञान के क्षेत्र में भी कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका हे।