देशशहर

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में बैठक सम्पन्न कलेक्टर ने विभागवार जिम्मेदारियां की निर्धारित


नीमच, 1 अगस्त 2026

आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में मुख्य समारोह से लेकर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण, सुरक्षा, चिकित्सा, आमंत्रण, फोटोग्राफी तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना निर्धारित की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी विभागीय कार्यालय 15 अगस्त को प्रातः निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करेंगे तथा अधिकारी-कर्मचारी मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्य जिला स्तरीय समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच में आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण एवं संदेश वाचन किया जाएगा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में आयोजन स्थल पर मंच, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, जनरेटर, पार्किंग, पुष्प सज्जा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कानून-व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 13 अगस्त को आयोजित होगा, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के चयन के लिए निर्धारित समिति द्वारा विद्यालयों के कार्यक्रमों का परीक्षण कर अंतिम चयन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित होंगे तथा उनकी समय-सीमा भी निर्धारित की गई है।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया भी तय की गई। विभागों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित प्रारूप में पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से समय पर प्रस्तुत करें। प्रस्तावों के परीक्षण एवं अंतिम चयन के लिए समिति का गठन भी किया गया है।

इसके अलावा समारोह में पुरस्कार वितरण, विद्यार्थियों के लिए मिष्ठान वितरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, आमंत्रण-पत्रों का मुद्रण एवं वितरण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान, मुख्य अतिथियों के भोजन की व्यवस्था तथा समारोह में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां भी विभागवार निर्धारित की गईं।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए तथा 13 अगस्त को होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास एवं 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे राष्ट्रीय पर्व का आयोजन गरिमा एवं अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}