देशशहर

मुख्‍यमंत्री डॉ.यादव ने 1.17 लाख किसानों के खाते में अंतरित की 200 करोड़ रूपये की भावांतर राशि

बूढ़ा एवं नारायणगढ़ में नवीन सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ करने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा मुख्यमंत्री ने पिपलिया मंडी में फ्लाई ओवर निर्माण की घोषणा भी की

नीमच 30 जनवरी 2026,

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह में सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की चौथी किस्त के रूप में प्रदेश के एक लाख 17 हजार किसानों को लगभग 200 करोड़ की भावांतर राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खाते में अंतरण किया। यह राशि उन किसानों को भुगतान की गई है, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना समाप्ति तक सोयाबीन का विक्रय किया है। अब तक प्रदेश के कुल 7 लाख 10 हजार किसानों को 1492 करोड़ रुपए की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक श्री हरदीपसिंह डंग, विधायक नीमच श्री दिलीपसिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री मदन लाल राठौर, मंदसौर के पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला अध्यक्ष मंदसौर श्री राजेश दीक्षित, जिला अध्यक्ष नीमच श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत मंदसौर की उपाध्यक्ष सुश्री भानुप्रिया यादव सहित जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, नगर परिषदों के अध्यक्षगण एवं जनप्रतिनिधि तथा आईजी उज्जैन श्री उमेश जोगा, कलेक्टर सुश्री अदिति गर्ग उपस्थित थी।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दी मल्हारगढ़ को 69.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगातें

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश, किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मल्‍हारगढ क्षेत्र के सर्वाधिक भावांतर भुगतान राशि प्राप्‍त करने वाले 5 किसानों को प्रतीक स्‍वरूप भावांतर राशि के चेक भी प्रदान किए। इस मौके पर मुख्‍यमंत्री डॉ.यादव ने मल्‍हारगढ क्षेत्रवासियों को 69.50 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने 51.91 करोड़ रुपए की लागत के मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर स्थित मल्हारगढ़ 4-लेन फ्लाई-ओवर का भूमि-पूजन, 5.53 करोड़ रुपए की लागत से पिपलिया मंडी समपार रेलवे अंडर ब्रिज का भूमि-पूजन किया तथा 2.06 करोड़ रुपए की लागत से मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ होगी तथा आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुढा एवं नारायणगढ़ में नवीन सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की उन्होंने कहा कि 2 वर्षों में स्कूलों से ड्राफ्ट आउट का प्रतिशत जीरो हो गया है, अब निजी स्कूलों से भी विद्यार्थी शासकीय सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश के लिए आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हर एक किसान के खेत तक सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाया जाए। इस दिशा में प्रदेश में अनेकों सिंचाई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। मंदसौर नीमच जिले के किसानों के खेत में भी जल्दी ही गांधी सागर का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पिपलिया मंडी में फ्लाईओवर निर्माण, मनासा खुर्द में 700 मीटर पुलिया निर्माण एवं शेष रही सड़क के निर्माण, मल्हारगढ़ में आउटडोर इनडोर स्टेडियम निर्माण, काका साहब गाडगिल जलाशय के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, एवं भुवानी माता मंदिर का धर्मस्‍व विभाग से जीर्णोद्धार कार्य करवाने की घोषणा भी की।

स्वर्गीय मनोहर सिंह के पुत्र को पुलिस आरक्षक पद पर नियुक्ति का पत्र सोपा

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान सम्मेलन में मल्हारगढ़ क्षेत्र में पिछले दिनों एक कुएं में चार पहिया वाहन के गिर जाने से पानी में डूब रहे चार वाहन सवार व्यक्तियों को अपनी जान की बाजी लगाकर, कुए में डूब रहे चार लोगों की जान बचाने वाले किसान स्वर्गीय श्री मनोहर सिंह के पुत्र संजय सिंह को मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर नियुक्ति का आदेश पत्र भी सौंपा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आगे कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने का कार्य कर रही है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने किसानों को किसान सम्मान निधि प्रदान करने का काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई जी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना लागू कर, गांव-गांव में सड़के पहुंचने का काम किया है, उन्होंने कहा, कि किसानों की समृद्धि के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा, कि देश में मध्य प्रदेश सर्वाधिक खाद्यान्न उत्पादन करने वाला राज्य बन गया है। सरकार ने लाड़ली बहन योजना की 1000 रूपये की राशि के भुगतान से शुरुआत कर अब हर एक लाडली बहनों को 1500 रुपए प्रति माह की राशि का भुगतान किया जा रहा है।

सरसों और मूंगफली पर भी भावांतर का लाभ दिलाने का प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों को मूंगफली और सरसों के उत्पादन पर भी भावांतर का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिले इसके लिए सरकार संकल्पित है।।

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने स्वागत उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में किसानों के कल्याण के लिए किया जा रहे अभूतपूर्व कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का बजट 4.29 लाख करोड़ का पहली बार हुआ है। मध्य प्रदेश आज विकसित प्रदेशों की श्रेणी में खड़ा है। आने वाले 2 वर्षों में प्रदेश का बजट दो गुना से भी ज्यादा हो जाएगा।

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए क्षेत्र की विभिन्न मांगो और कार्यों को स्वीकृत करने की घोषणा करने का भी मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया । सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया। अंत में राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने आभार व्यक्त किया।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया और कन्याओं का पूजन किया। मुख्‍यमंत्री डॉ.यादव ने किसानों के बीच बैठकर किया संवाद। उपस्थित जनों पर पुष्प वर्षा कर, उनका अभिनंदन किया तथा स्वयं किसानों की दीर्घा में जाकर, किसानों के बीच में बैठकर उनसे संवाद भी किया।

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा सांसद श्री सुधीर गुप्ता एवं बंशीलाल गुर्जर ने मुख्यमंत्री जी का पुष्पहारों, पगड़ी पहनकर एवं मल्हारगढ़ क्षेत्र की जनता की ओर से बड़ी फूलमाला से मुख्यमंत्री जी का आत्मीय स्वागत किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}