मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के क्रियान्वयन के संबंध में निर्देश जारी
देवउठनी ग्यारस पर नीमच, जावद एवं मनासा में सामुहिक विवाह सम्मेलन आयोजन के निर्देश
नीमच 29 अक्टूबर 2025,
मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के तहत 2 नवम्बर 2025 देव उठनी ग्यारस पर नीमच, जावद एवं मनासा में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजन के “आयोजक” संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रहेंगे। “मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विवाह सम्पन्न कराने वाली प्रत्येक पात्र कन्या, विधवा (कल्याणी), परित्यक्ता को 55 हजार रूपये स्वीकृत किये जायेंगे। जिसमें से 49 हजार रूपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी) के माध्यम से तथा शेष 6 हजार रूपये सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम आयोजन करने हेतु आयोजनकर्ता निकाय को देय होगें।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना अन्तर्गत कन्या तथा कन्या के अभिभावक गरीबी रेखा के नीचे जीवन निर्वाह करते हो, साथ ही इनका बी.पी.एल. पोर्टल पर सत्यापन अनिवार्य होगा। उक्त योजनान्तर्गत जिलें में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित विवाह जोड़ो की न्यूनतम संख्या 11 एवं अधिकतम 200 जोड़ो की संख्या निर्धारित की गई है।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ और सीएमओ को निर्देश दिए है, कि वे अपने निकाय क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर, मुख्यमंत्री विवाह, निकाह के लिए दिनांक, स्थान निर्धारित कर आयोजन करवायें। साथ ही सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन कर, सम्पूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाएं।

