सी.आर.पी.एफ.के सी.टी.सी.नीमच में मेडिटेशन प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न
नीमच 6 अगस्त 2025,
महानिरीक्षक, प्राचार्य, सी.टी.सी. नीमच श्री संदीप दत्ता, (म.प्र.) के निर्देशानुसार 4 से 6 अगस्त 2025 तक केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान, नीमच, के.रि.पु.बल में समग्र कल्याण और एकीकृत अमृता मेडिटेशन (आई.ए.एम.तकनीक) प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय के कमान्डेंट श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता (पी.एम.जी.), उप कमान्डेंट श्री आशीष भटनागर, सहायक कमान्डेंट श्री राजेश पंचाल, श्री विशाल कुमार चौहान, श्री मनोज कुमार, एवं संयुक्त अस्पताल, के.रि.पु.बल नीमच में पदस्थ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कमान्डेंट श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा, कि हम सब जानते है, कि हमारी जीवनशैली दिन-ब-दिन अधिक व्यस्त होती जा रही है, विशेष रूप से सुरक्षाबलों के जवानों के लिए, जो देश की सेवा में 24×7 तत्पर रहते है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना और आत्मिक शांति प्राप्त करना बेहद आवश्यक हो जाता हैं।
उन्होने कहा, कि ध्यान कोई साधारण अभ्यास नहीं हैं। यह एक आन्तरिक विज्ञान है, जो मन को स्थिर करता है, विचारों को नियंत्रित करता है और हमें जीना सिखाता है। ध्यान हमारे भीतर छिपी ऊर्जा, साहस और सहनशीलता को जागृत करता है। उन्होने कहा, कि मैं इस सत्र का हिस्सा बनकर स्वयं भी यह अनुभव कर पाया हूँ कि कुछ ही मिनटों के अभ्यास से मन हल्का और शांत हो सकता है। यह न केवल व्यक्तिगत जीवन में उपयोगी है, बल्कि यह हमारे कार्यों में भी निर्णय लेने की क्षमता, एकाग्रता और धैर्य को बढ़ाता हैं।
कमान्डेंट श्री गुप्ता ने सभी का आव्हान किया, कि इस प्रकार के ध्यान अभ्यास को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए। यह मानसिक, शारीरिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं। यह जानकारी के.रि.पु.बल नीमच(सी.टी.सी.) द्वारा दी गई।