
नीमच 13 जनवरी 2026,
स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ में किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अपने उद्बोधन में कहा, कि स्वामी विवेकानंद जी द्वारा युवाओं को जो मार्गदर्शन दिया गया है, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। यह दिन हमें स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों का स्मरण कर, उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि योग हमारी सदियों पुरानी परंपरा है, जिसके माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सकता है। हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा अपनाई गई इस परंपरा को आज के समय में आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि जीवन में सकारात्मक प्रेरणा लेकर निरंतर प्रगति की दिशा में कार्य करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश का रेडियो प्रसारण किया गया। इसके पश्चात योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास किया गया।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सी.एस.सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री जितेन्द्र सिह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.एस.बामनिया, अन्य अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्राएं उपस्थित थे।



