
नीमच 16 दिसम्बर 2025,
पी.एम.एफ.ई.योजना के तहत एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत धनिया के प्रोसेसिंग के लिए और भी नई ईकाईयां स्थापित करवाएं। साथ ही हर्बल प्रोसेसिंग यूनिट भी स्थापित करवाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, उप संचालक उद्यानिकी श्री अतरसिह कन्नौजी, महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती योगिता भटनागर भी उपस्थित थी।
बैठक में बताया गया, कि एक उत्पाद एक जिला योजना में शामिल होने के बाद नीमच में धनिया फसल का रकबा 15 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 21 हजार 500 हेक्टेयर हो गया है और उत्पादन भी वर्तमान में 32 हजार 250 मैट्रीक टन हो गया है। जिले में वर्तमान में 60 धनिया प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित है। कलेक्टर ने धनिया उत्पादक किसानों को अगले साल के लिए 750 हेक्टेयर में मीनी स्प्रीकलर की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश भी उप संचालक उद्यानिकी को दिए। साथ ही 500 हेक्टर में जैविक धनिया फसल लेने के लिए किसानों को प्रेरित कर जैविक धनिया खेती को बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धनिया प्रोसेसिंग के बाद उसकी ब्राडिग एवं विपणन की व्यवस्था तथा निर्यात को बढ़ाने के भी विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।



