
नीमच 27 नवम्बर 2024,
केन्द्रीय प्रशिक्षण केन्द्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, नीमच (मध्य प्रदेश) में कुल 72 नव नियुक्त उपनिरीक्षक, कैडेट्स का दीक्षान्त परेड समारोह बुधवार को अपार उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। दीक्षांत परेड समारोह के मुख्य अतिथि महानिरीक्षक, प्राचार्य, सी.टी.सी. नीमच, श्री संदीप दत्ता, ने परेड की सलामी ली। इस परेड के परेड कमाण्डर उपनिरीक्षक, जीडी श्री अनिल कुमार एवं परेड द्वितीय कमान अधिकारी उपनिरीक्षक, जीडी श्री नीरज पचौरी थे।
इस अवसर पर महानिरीक्षक, प्राचार्य, सी.टी.सी. नीमच, श्री संदीप दत्ता, उप कमाण्डेंट, सी.टी.सी. नीमच श्री आशीष भटनागर, एवं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारीगण, स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के अधीकारीगण, क्षेत्र के गणमान्य जन प्रतिनिधि, जवान एवं उनके परिजन भी उपस्थित थे। उप कमाण्डेंट श्री आशीष भटनागर, ने मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथिगणों का स्वागत किया।
केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र नीमच में 96(सी) बैच के उपनिरीक्षक, कैडेट्स का बुनियादी प्रशिक्षण 18 दिसंबर 2023 से आरम्भ हुआ था। 48 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन्हें बल के अनुशासन के साथ-साथ, सहनशक्ति प्रशिक्षण, युद्ध अवरोध एवं प्रहार मार्ग, निहत्थी लड़ाई, हथियार व खाली हाथ की कवायद, विभिन्न हथियारों, गोला-बारूदों एवं ग्लोबर पोजिसनिंग सिस्टम का प्रशिक्षण भी दिया गया है। इन्हें चार सप्ताह के अति सतर्क एवं कठिन जंगल प्रशिक्षण के साथ एक सप्ताह के जंगल सरवाईवल प्रशिक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहने का अभ्यास देकर राष्ट्र विरोधी ताकतों से लोहा लेने के लिए तैयार किया गया है।
प्रशिक्षण में उत्कृष्ट का चयन एवं ट्रॉफी का वितरण किया गया। इन सभी विषयों के अतिरिक्त इन्हें कुछ महत्वपूर्ण विषयों जैसे भीड़ व दंगा नियंत्रण प्रणाली, जनता के साथ पुलिस के मधुर सम्बन्ध, मानवाधिकारी, आपदा प्रबंधन आदि का प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि ये जनता में सुरक्षा व विश्वास की भावना विकसित कर सकें। इन्हें क्विज, निबन्ध लेखन व सार्वजनिक तरिके से बोलचाल (पब्लिक स्पीकिंग) प्रतियोगिता जैसे पाठ्यक्रमों पर आधारित प्रतियोगिताओं के द्वारा व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास का अवसर भी दिया गया है।
परेड में जोशीले उपनिरीक्षक, कैडेट्स ने सजीव सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रणकौशल का प्रर्दशन किया, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनन्द लिया। कार्यक्रम का समापन फोटोग्राफी सत्र एवं मीडिया कार्मिकों से परस्पर बातचीत के साथ हुआ।